Ranchi : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से व्हाट्सएप कॉल के जरिए दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यवसायी ने इस संबंध में रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान विवेकानंद कॉलोनी, रोड नंबर-06 निवासी मुकेश कुमार श्रीवास्तव और उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, 26 अप्रैल को सुबह करीब 11:42 बजे उनके मोबाइल नंबर 8709814723 पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर +351961904586 से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राहुल सिंह बताया और कहा कि 8 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
कॉल के बाद व्हाट्सएप पर भेजा धमकी भरा मैसेज
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कॉल कटने के लगभग 10 मिनट बाद उनके व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में लिखा था कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। साथ ही कहा गया कि यदि 5 दिनों के भीतर 2 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो उन्हें बम और AK-47 से मार दिया जाएगा। मैसेज में राहुल सिंह गैंग का नाम भी लिखा गया था और दोबारा संपर्क करने के लिए कहा गया था।
होटल और बैंक्वेट हॉल संचालक हैं पीड़ित
पीड़ित मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को जानकारी दी कि उनका तिलमा चौक के पास बाबू शिवांश रेसिडेंस नामक होटल है। इसके अलावा पंडरा स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रांची दरबार नामक बैंक्वेट हॉल भी है। व्यवसाय के कारण उनका इन स्थानों पर नियमित आना-जाना लगा रहता है।
सुरक्षा की मांग, पुलिस जांच जारी
घटना के बाद व्यवसायी और उनके परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और कॉल करने वाले नंबर की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Also Read : ब्राउन शुगर के साथ पांच युवक गिरफ्तार, स्कूल-कॉलेज के छात्रों को बना रहे थे निशाना


