Hazaribagh : झारखंड पुलिस में कार्यरत 150 अवर निरीक्षकों (SI) के लिए बड़ी खबर है। इन्हें इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति से पहले जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो 4 मई से हजारीबाग स्थित पुलिस अकादमी में शुरू होगा। झारखंड पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय ने चयनित 150 एसआई को इस ट्रेनिंग के लिए बुलाया है। सभी अधिकारियों को 3 मई की दोपहर तक झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
तीन चरणों में पूरी होगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण को तीन हिस्सों में बांटा गया है-
- पहला चरण: 4 मई से 30 मई तक अकादमी में प्रशिक्षण
- दूसरा चरण: 1 जून से 20 जून तक जिला स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण
- तीसरा चरण: 22 जून से 27 जून तक फिर से अकादमी में अंतिम प्रशिक्षण
कौन नहीं होंगे शामिल
आदेश में साफ कहा गया है कि निलंबित, पदावनत या प्रशिक्षण अवधि में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को इस प्रशिक्षण में शामिल नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि फील्ड ट्रेनिंग भी कराई जाएगी। क्रिमिनल लॉ, जांच प्रक्रिया, और नए कानूनों के तहत आधुनिक पुलिसिंग की जानकारी दी जाएगी।
मकसद- बेहतर पुलिसिंग और नेतृत्व क्षमता
इस ट्रेनिंग का उद्देश्य एसआई को इंस्पेक्टर बनने से पहले और ज्यादा सक्षम, प्रशिक्षित और जिम्मेदार अधिकारी बनाना है। हजारीबाग पुलिस अकादमी पहले भी राज्य पुलिस बल के लिए कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती रही है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी प्रोन्नति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
Also Read : JAC-CBSE में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मिला सम्मान, डीसी ने किया सम्मानित


