Palamu : जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। शहर के जाने-माने जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का बीती देर रात अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उनका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में नग्न अवस्था में बरामद हुआ। जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि विनीत तिवारी को पहले फिल्मी अंदाज में अगवा किया गया, जिससे यह साफ है कि अपराधी पहले से पूरी तैयारी में थे।
परिजनों में मचा कोहराम, थाना पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन शहर थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने तत्काल पलामू एसपी से भी मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह वारदात जमीन विवाद या आपसी रंजिश के कारण की गई हो सकती है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
Also Read : रामगढ़ में JMM की बैठक, संगठन मजबूती पर बना खास प्लान


