Ranchi : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के लोगों को जल्द राहत मिलने के आसार हैं। विभाग ने बताया है कि 28, 29 और 30 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। शनिवार को शाम के समय तेज हवा चलने के कारण लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन दिनभर गर्मी का असर बना रहा।
26 अप्रैल को इन जिलों में बादल और बूंदाबांदी की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 26 अप्रैल को राजधानी रांची और आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
बारिश की संभावना वाले जिलों में शामिल हैं…
- उत्तर-पूर्वी झारखंड: देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा, साहिबगंज
- मध्य भाग: रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, धनबाद
- दक्षिणी भाग: पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां
इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
27 अप्रैल को ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। इस दिन भी विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह स्थिति एक मई तक बनी रह सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 26 और 27 अप्रैल तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन इसके बाद 28, 29 और 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। आंशिक बादल और बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग की अपील: सावधानी बरतें
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि…
- बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान में न रहें
- पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें
- दोपहर में बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें
पिछले 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा।
- राज्य में सबसे अधिक तापमान: 43.6 डिग्री सेल्सियस (डाल्टनगंज)
- सबसे कम न्यूनतम तापमान: 19.7 डिग्री सेल्सियस (गुमला)
- रांची का अधिकतम तापमान: 39.6 डिग्री सेल्सियस
- रांची का न्यूनतम तापमान: 22.7 डिग्री सेल्सियस
रांची का आगामी मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों का तापमान इस प्रकार रहेगा…
- 26 अप्रैल: अधिकतम 39°C, न्यूनतम 24°C
- 27 अप्रैल: अधिकतम 38°C, न्यूनतम 25°C
- 28 अप्रैल: अधिकतम 38°C, न्यूनतम 23°C
- 29 अप्रैल: अधिकतम 37°C, न्यूनतम 22°C
Also Read : दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, कार सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौ’त


