Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की ओर से आज झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) का आयोजन किया जा रहा है। करीब 19 साल के लंबे इंतजार के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही राज्यभर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कई अभ्यर्थी तो तय समय से काफी पहले ही अपने सेंटर पर पहुंच गए।
एक ही पाली में परीक्षा, 10 से 1 बजे तक
यह परीक्षा आज एक ही पाली में आयोजित की जा रही है, जो सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। करीब 1 लाख 75 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में बनाए गए केंद्रों पर सभी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। परीक्षा को लेकर जहां उत्साह है, वहीं चेहरे पर गंभीरता भी साफ नजर आ रही है।
6 जिलों में 430 केंद्र, रांची में सबसे ज्यादा
इस बार परीक्षा के लिए राज्य के 6 जिलों में कुल 430 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 117 केंद्र रांची में ही हैं। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को संभालने के लिए प्रशासन ने पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त कराने के लिए हर केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात है और मजिस्ट्रेट भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।
200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू
परीक्षा के दौरान किसी तरह की भीड़ या अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान बेवजह भीड़ लगाने या संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने केंद्र पर पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से हो सके।
