Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर जिले के पोटका प्रखंड में शनिवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े राशन कार्डधारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। अपने हक के राशन की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने पोटका चौक से प्रखंड कार्यालय तक रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पीडीएस दुकानदार ललिता खंडपातर पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनका लाइसेंस रद्द करने की मांग की। लोगों का कहना था कि पिछले चार महीनों से ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन वितरण में लगातार गड़बड़ी हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रैली के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि राशन उनका अधिकार है, जिसे किसी भी स्थिति में छीना नहीं जा सकता। उन्होंने मांग की कि चार महीनों का बकाया राशन तुरंत दिया जाए और दोषी डीलर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज सरदार, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र नाथ महतो, कोवाली के प्रभारी मुखिया काजल बारीक और सोनका महतो समेत कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गरीबों के राशन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और बड़ा और उग्र बनाया जाएगा। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक उन्हें उनका पूरा राशन नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Also Read : 40 हजार की सुपारी देकर कराई गई महिला की ह’त्या, बोरे में बंद मिला था श’व; 5 गिरफ्तार


