Patna : बिहार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के एक दिन बाद शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने एक अणे मार्ग पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद ललन सिंह भी मौजूद रहे। करीब 20 मिनट तक चली इस शिष्टाचार मुलाकात में क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा हुई होगी।
विश्वास मत के बाद बढ़ी राजनीतिक गतिविधियां, कैबिनेट विस्तार पर सबकी नजर
दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में बहुमत साबित किया था। फ्लोर टेस्ट से पहले उन्होंने सदन में नीतीश कुमार की खुलकर प्रशंसा की थी और कहा था कि उन्हें न तो कुर्सी से हटाया जा सकता है और न ही दिल से। उन्होंने नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल को बिहार के विकास और सुशासन से जोड़ते हुए उनकी भूमिका की सराहना की थी।
सीएम ने यह भी कहा था कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में किसानों, मजदूरों और गरीबों को मुख्यधारा से जोड़ा गया है और महिलाओं के सशक्तीकरण पर भी बड़ा काम हुआ है। फिलहाल नई सरकार में कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ है और सभी अहम विभाग मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कुछ वरिष्ठ नेताओं के पास ही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना है।
Also Read : बिहार में विश्वविद्यालयों के लिए नई गाइडलाइन, परफॉर्मेंस के आधार पर होगी ग्रेडिंग


