New Delhi/Ghaziabad : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बेहद सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 31 साल से फरार चल रहे एक अपराधी को गाजियाबाद के लोनी इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताकर सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय था और विवादित वीडियो बनाकर सुर्खियां बटोर रहा था। हालांकि, जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सबको चौंका दिया। आरोपी का असली नाम सलीम खान है, जिसे 1995 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल के अपहरण और जघन्य हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था।
घटनाक्रम 1995 का है, जब संदीप बंसल का अपहरण कर अगले ही दिन 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सलीम खान पर संदेह हुआ, जो उस समय बच्चे के स्कूल में मार्शल आर्ट्स सिखाता था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया था और उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद हुआ था। साल 1997 में स्थानीय अदालत ने सलीम खान और उसके साथी अनिल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए सलीम ने लंबी साजिश रची थी।
साल 2000 में दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और कभी वापस नहीं लौटा। साल 2011 में हाईकोर्ट ने उसकी सजा को बरकरार रखा, लेकिन तब तक वह अपनी पहचान पूरी तरह बदल चुका था। फरारी के दौरान उसने खुद को मृत घोषित करने तक का प्रयास किया ताकि पुलिस और जांच एजेंसियां उसका पीछा छोड़ दें। इसके बाद उसने नाम बदलकर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक रख लिया और हरियाणा व उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में छिपकर रहने लगा। आरोपी ने अपनी नई पहचान को पुख्ता करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और ‘एक्स मुस्लिम’ के रूप में वीडियो बनाना शुरू कर दिया ताकि वह किसी के शक के घेरे में न आए।
वह गाजियाबाद के लोनी इलाके में कपड़ों का कारोबार कर सामान्य जीवन जी रहा था। हालांकि, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुराने रिकॉर्ड, फिंगरप्रिंट और तस्वीरों का बारीकी से मिलान किया और आरोपी की सटीक लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद एक विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फरारी के दौरान किन-किन लोगों ने उसकी मदद की थी। करीब तीन दशक पुराने इस केस में सलीम की गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
Also Read : पवन खेड़ा को बड़ा झटका: गुवाहाटी हाई कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत, सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस


