Ranchi : झारखंड में विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए निकाले गए टेंडर में कुल 62 कंपनियों ने हिस्सा लिया है। इन कंपनियों ने कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य पदों पर मैनपावर सप्लाई के लिए आवेदन किया है। अब सभी कंपनियों के दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल राज्य के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों में कुल 6845 कर्मचारी आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे हैं। सरकार अभी 12 कंपनियों के जरिए इन कर्मचारियों की सेवाएं ले रही है।
सरकारी कार्यालयों में मैनपावर सप्लाई के लिए इन 12 कंपनियों के साथ किया गया समझौता वर्ष 2025 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद इसे 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया था। हालांकि, नई टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण इन कंपनियों का अनुबंध अतिरिक्त दो महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है।
अब सरकार नई कंपनियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर रही है ताकि भविष्य में मैनपावर सप्लाई का काम पारदर्शी तरीके से किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, सभी 62 कंपनियों द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
Also Read : पेयजल घोटाले में बड़ा फैसला: अभियुक्त से मारपीट मामले की CBI जांच जारी रहेगी


