Ranchi: रांची झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 (विज्ञापन संख्या-08/2025) के सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए रांची जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। परीक्षा की तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा के लिए आज समाहरणालय ब्लॉक-बी के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), रांची राजेश्वर नाथ आलोक ने की।
इस दौरान परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने और प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी परीक्षार्थियों, अनुचित साधनों के उपयोग और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधियों पर अधिकारियों की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है, तो उस पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के व्यापक इंतजामों पर जोर देते हुए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। यातायात को सुगम बनाने के लिए भी प्रभावी योजना तैयार करने को कहा गया है ताकि परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही, केंद्र अधीक्षकों, शिक्षा विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर चूक न हो।
आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। बैठक में चिकित्सा टीम और अग्निशमन दल को अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने यह भी हिदायत दी है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में एडीम (नक्सल) रांची सुदर्शन मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, जेपीएससी के प्रतिनिधि, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने एक बार फिर दोहराया है कि उनका मुख्य लक्ष्य एक निष्पक्ष और भयमुक्त परीक्षा वातावरण तैयार करना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Also Read : JAC बोर्ड रिजल्ट: रांची के सनी वर्मा बने झारखंड टॉपर, 99.60% अंकों के साथ लहराया परचम


