New Delhi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के शिमला प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 6 दिनों के लिए राष्ट्रपति सचिवालय का कामकाज भी शिमला से ही संचालित होगा। यानी एक तरह से राष्ट्रपति कार्यालय दिल्ली से शिमला शिफ्ट हो जाएगा। इस दौरे को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
175 साल पुरानी इमारत में रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति का यह प्रवास राष्ट्रपति निवास मशोबरा में होगा, जो शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है। यह भवन करीब 175 साल पुराना है और पहले इसे “द रिट्रीट” के नाम से जाना जाता था। इस इमारत का निर्माण पारंपरिक धज्जी शैली में हुआ है, जिसमें लकड़ी और मिट्टी का उपयोग किया गया है। खास बात यह है कि इस तरह की इमारतें भूकंप के झटकों को भी सहन कर लेती हैं और मौसम के अनुसार अंदर का तापमान संतुलित रहता है।
सुंदर बागीचे और ट्यूलिप गार्डन है आकर्षण
मशोबरा स्थित इस राष्ट्रपति निवास में कई आकर्षण मौजूद हैं। यहां 300 से अधिक सेब के पेड़ों वाला बागीचा है, जिसमें विदेशी किस्में भी शामिल हैं। इसके अलावा यहां खूबसूरत ट्यूलिप गार्डन भी है, जिसका उद्घाटन स्वयं राष्ट्रपति ने कुछ साल पहले किया था। चारों ओर हरियाली और पहाड़ों का 360 डिग्री दृश्य इस स्थान को खास बनाता है।
पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए फिलहाल इस परिसर को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। अब यह 3 मई से दोबारा आम लोगों के लिए खोला जाएगा। बता दें कि कुछ साल पहले ही इस ऐतिहासिक भवन को आम जनता के लिए खोला गया था, जहां लोग टिकट लेकर घूमने आ सकते हैं।
इस दौरान राष्ट्रपति के सभी जरूरी कामकाज और फाइलें भी शिमला लाई जाएंगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में कोई बाधा न आए।
Also Read : यूपी विधानसभा चुनाव 2027: योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही लड़ेगी भाजपा, नितिन नवीन ने किया साफ


