Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलपहाड़ी में गुरुवार को घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना में पूरा मकान और घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोलपहाड़ी निवासी राजा सिंह का अपनी पत्नी के साथ पिछले तीन दिनों से लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के बीच गुरुवार को उसने गुस्से में यह खतरनाक कदम उठा लिया।
देखते ही देखते फैली आग
आग लगते ही घर में तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के वक्त घर में मौजूद सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दमकल की टीम ने पाया काबू
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी राजा सिंह नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए दहशत और अफरातफरी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : वन भूमि घोटाला मामले में आईएएस विनय चौबे की जमानत पर सुनवाई समाप्त, कोर्ट ने रखा फैसला सुरक्षित


