Giridih : कोयला तस्करों के खिलाफ सीसीएल प्रबंधन और पुलिस ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। कबरीबाद माइंस के अंदर संयुक्त अभियान चलाकर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 16 बाइक जब्त की गईं। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
हर रात माइंस में घुस जाते हैं तस्कर
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह कोई एक दिन की बात नहीं है। बताया जाता है कि लगभग हर रात कोयला तस्कर बाइक लेकर सीसीएल माइंस के अंदर घुस जाते हैं। वे न सिर्फ कोयला चोरी करते हैं, बल्कि कई बार कामकाज भी बाधित कर देते हैं, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे भी ऐसा ही हुआ। दर्जनों बाइक के साथ तस्कर माइंस में दाखिल हो गए और कोयला निकालने की कोशिश करने लगे।
सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रबंधन
मामले की जानकारी मिलते ही सीसीएल के सुरक्षा विभाग ने जीएम गिरीश कुमार राठौर और परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा को सूचित किया। इसके बाद तुरंत पुलिस को खबर दी गई। मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में पुलिस और सीसीएल की टीम ने संयुक्त रूप से माइंस में छापेमारी की।
छापेमारी में 16 बाइक जब्त, तस्कर फरार
संयुक्त टीम की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया। मौके से वे तो भाग निकले, लेकिन 16 बाइक मौके पर ही छोड़ गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। अब इन्हीं बाइकों के जरिए तस्करों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पीओ बोले- सख्त कार्रवाई होगी
सीसीएल गिरिडीह के परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने कहा कि माइंस में बाइक के साथ तस्करों के घुसने की सूचना पर तुरंत पुलिस के साथ अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि जब्त की गई सभी बाइकों को चिन्हित किया जा रहा है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीओ ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से न सिर्फ सुरक्षा पर खतरा बढ़ता है, बल्कि माइंस का उत्पादन भी प्रभावित होता है।
Also Read : BREAKING : CRPF कैंप हमले के आरोपी पर NIA का शिकंजा, जैश सहयोगी की संपत्तियां जब्त


