Ranchi : राजधानी रांची के ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस परिसर में आगामी 1, 2 और 3 मई को आयोजित होने वाले ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला’ की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज एक पत्रकार वार्ता के दौरान इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को समर्पित है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को एक बड़ा मंच प्रदान करना है।
इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यहां लगने वाले 150 नि:शुल्क स्टॉल हैं, जो स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए एक बेहतरीन अवसर साबित होंगे। इन स्टॉल्स के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इतना ही नहीं, महोत्सव के दौरान ‘श्री अन्न’ (मोटे अनाज) से बने व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है और बेहतरीन व्यंजन बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर भी उत्साह का माहौल है। अब तक 50 से अधिक स्कूलों और कॉलेजों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर ली है।
महोत्सव के दौरान सात अलग-अलग विधाओं में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें जनजातीय नृत्य, सामूहिक नृत्य, लघु नाटिका, क्लासिकल नृत्य, पाश्चात्य सामूहिक संगीत और सामूहिक गीत शामिल हैं। प्रत्येक प्रस्तुति का समयांतराल 5 से 15 मिनट निर्धारित किया गया है। दिन के समय जहां सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी, वहीं शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं को पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत 24 अप्रैल को शाम 4 बजे ऑड्रे हाउस परिसर में स्कूली बैंड की प्रस्तुति के साथ होगी। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन माननीय राज्यपाल संतोष गंगवार के कर कमलों द्वारा किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव का समापन समारोह 3 मई को होगा, जिसमें देश के कला और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समापन कार्यक्रम में कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और अनुराग ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। इसके साथ ही, पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मधु मंसूरी और पद्मश्री महावीर नायक जैसे प्रख्यात कलाकारों की उपस्थिति इस महोत्सव की शोभा बढ़ाएगी। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आम नागरिकों से इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है ताकि स्थानीय संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक मंच मिल सके।
Also Read : रांची जनगणना समीक्षा: काम में लापरवाही पर डीसी का सख्त एक्शन, तीन प्रखंडों के बीडीओ पर गिरेगी गाज


