Ranchi: समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), विभागीय कार्यों और आगामी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जनगणना कार्य में त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि पर जोर
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि जनगणना कार्य भारत सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार ही समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने मकान सूचीकरण और गणना के दौरान पोर्टल पर दर्ज होने वाले डेटा की सटीकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंकड़ों की प्रविष्टि में किसी भी प्रकार की त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
आगामी मुखिया सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार-सह-दक्षिणी प्रमण्डल स्तरीय मुखिया सम्मेलन’ के आयोजन की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्थल पर मंच, पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं।
सरकारी खातों की निगरानी और कार्यालयी सुविधाएं
वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता पर जोर देते हुए उपायुक्त ने ट्रेजरी, नजारत, डीआरडीए और भू-अर्जन शाखा को सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों के बैंक खातों का तत्काल सत्यापन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) को निर्देश दिया गया कि विभिन्न बैंकों में संचालित सरकारी खातों में होने वाले बड़े लेन-देन की सतत निगरानी की जाए। इसके अतिरिक्त, समाहरणालय परिसर में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट की सुचारू व्यवस्था और परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नोडल पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : भार्गव सिंह हत्याकांड का पर्दाफाश, ज़मीन विवाद में ली गई थी जान


