Giridih : गिरिडीह शहर के स्टेशन रोड स्थित मोदी धर्मशाला के बगल में झारखंड बिजली वितरण निगम कार्यालय के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुएं का घना गुबार फैल गया। इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई।
आग लगते ही मची अफरा-तफरी
सुबह जैसे ही गोदाम से आग की लपटें उठीं, आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने खुद ही आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
आग की तेज लपटों और धुएं के बीच लोगों ने बाल्टी और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने की कोशिश की। इसी दौरान पास में मौजूद दो झोपड़ीनुमा दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन वहां से जवाब मिला कि दोनों गाड़ियां पहले से किसी अन्य जगह गई हुई हैं और पहुंचने में समय लगेगा। इस बीच नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
बड़ा हादसा टला, वरना बढ़ सकता था नुकसान
गोदाम के ठीक बगल में मोदी धर्मशाला स्थित है। वहां आग बुझाने के कोई पर्याप्त संसाधन मौजूद नहीं थे, जिससे चिंता और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि अगर आग की लपटें धर्मशाला तक पहुंच जातीं तो बड़ा हादसा हो सकता था और नुकसान कई गुना बढ़ जाता।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि आग कैसे लगी। शुरुआती अनुमान में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण की आशंका जताई जा रही है।
Also Read : चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे DC , नए ओपीडी भवन समेत पूरे परिसर का लिया जायजा


