Ranchi : रांची समेत पूरे झारखंड में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी का तापमान करीब 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं।
अगले 3 दिन भारी, लू का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र ने अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
सड़कों पर कम हुई भीड़
गर्मी का असर अब साफ नजर आने लगा है। रांची के कांटाटोली चौक, लालपुर चौक, कचहरी चौक, हरमू चौक, अपर बाजार, मेन रोड और अल्बर्ट एक्का चौक जैसे आम दिनों में व्यस्त रहने वाले इलाकों में भी भीड़ कम हो गई है। लोग जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।
इन जिलों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने रांची के साथ गढ़वा, पलामू, चतरा, जमशेदपुर और खूंटी जिलों में विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। इन इलाकों में लू का असर ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।
क्या करें, कैसे बचें इस गर्मी से
लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 24 अप्रैल के बाद राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और कुछ राहत मिल सकती है।
स्कूल टाइमिंग को लेकर उठी मांग
बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन और पासवा ने DC रांची से स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की है। हालांकि कुछ स्कूलों ने समय में बदलाव किया है, लेकिन समय घटाने के बजाय बढ़ाने से बच्चों की परेशानी बढ़ सकती है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा। डाल्टनगंज में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं रांची में अधिकतम 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम (रांची)
20 अप्रैल: अधिकतम 40°C / न्यूनतम 24°C
21 अप्रैल: अधिकतम 39°C / न्यूनतम 23°C
22 अप्रैल: अधिकतम 39°C / न्यूनतम 23°C
23 अप्रैल: अधिकतम 40°C / न्यूनतम 24°C
Also Read : भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष बने जावेद अख्तर


