Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। 19 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समाहरणालय में DC सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परीक्षा संचालन की पूरी रणनीति तय की गई।


96 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा
रांची जिले में परीक्षा का आयोजन 96 उप-केंद्रों पर किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर बैठने, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
100-200 मीटर तक निषिद्ध क्षेत्र
परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 से 200 मीटर तक का क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा। यहां मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस बल की तैनाती के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही वाहन चेकिंग भी सख्ती से की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र जरूर लेकर आएं। किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग से विशेष इंतजाम किए गए हैं।
निष्पक्ष परीक्षा पर जोर
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में कराना सभी की जिम्मेदारी है।
Also Read : महागामा को मिली सड़क की सौगात, मंत्री दीपिका पांडेय का बड़ा ऐलान


