Chaibasa : चाईबासा जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कुंडिसाधर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। महज 5 साल का कृष्ण पाड़िया घर के पास की दुकान से खाने-पीने का सामान लेने निकला था, लेकिन वह वापस कभी नहीं लौट सका। तेज रफ्तार कार ने उसे इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
विपरीत दिशा से आई कार, टक्कर के बाद भागा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुमारडुंगी से बलांडिया की ओर जा रही एक सफेद कार अचानक गलत दिशा में आ गई और सीधे मासूम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कृष्ण सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक बिना रुके भागने लगा। गांव के एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी साइकिल कार के आगे लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक साइकिल को भी टक्कर मारते हुए धनसारी की ओर फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई जिंदगी
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल मासूम बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारडुंगी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील चौधरी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पढ़ाई को लेकर था उत्साहित, अधूरा रह गया सपना
मृतक के पिता कुंदन पाड़िया ने बताया कि इसी महीने कृष्ण का नामांकन आदित्यपुर के गम्हरिया स्थित एक निजी स्कूल में कराया गया था। वह पढ़ाई को लेकर काफी खुश और उत्साहित था, लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया।
गांव में मातम, लोगों में गुस्सा
इस हादसे के बाद पूरे कुंडिसाधर गांव में शोक की लहर है। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। साथ ही लोगों में इस बात को लेकर भी गुस्सा है कि चालक घटना के बाद भाग निकला। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
Also Read : जंगल में मिले अज्ञात शव का खुलासा, प्रेम-प्रसंग में हुई ह’त्या, एक महिला गिरफ्तार

