Hazaribagh : हजारीबाग जिले के पेलावल थाना क्षेत्र स्थित छड़वा डैम में गुरुवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। डैम पर घूमने गए स्थानीय लोगों ने पानी में शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पेलावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन के घर हजारीबाग आया हुआ था और बुधवार शाम से ही लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवती के साथ संबंध को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। मृतक की जेब से 50 रुपये का नोट, एक चुनौटी और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पेलावल थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशान कई सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Also Read : रोजगार और हक की लड़ाई में गुवा के 12 गांवों ने खोला मोर्चा, चक्का जाम की चेतावनी


