Khunti : खूंटी के रनिया थाना क्षेत्र के सर्वो घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें ट्रक के खलासी विकास कुमार (24) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक अमर सिंह और एक अन्य साथी सचिन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक जमशेदपुर से माल लेकर नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सर्वो घाटी में हल्की बारिश हो रही थी। फिसलन भरी सड़क के कारण चालक ने ट्रक पर नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के नीचे दबने से खलासी विकास कुमार की मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया, जहां चालक अमर सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक और दोनों घायल उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Also Read : लाइन में घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला गैस, लोगों ने किया बवाल


