Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से ब्राउन शुगर, नकद रुपये, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को बीते सात अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि नामकुम के हाईटेंशन मैदान में पॉवरग्रीड के सामने कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व सीनियर डीएसपी (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पांडेय कर रहे थे।
मौके पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक ब्लू रंग की आई-10 कार, एक स्कूटी और एक बाइक खड़ी मिली। कार में बैठे तीन युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रमीज राज, मो. अब्दुल और मो. जफीर उर्फ राजा उर्फ ऋषि के रूप में हुई।
तलाशी में मिला ब्राउन शुगर और नकद
तीनों की तलाशी लेने पर उनके पास से 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और 4000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह रकम नशे के कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है। इसके अलावा मौके से आई-10 कार, स्कूटी और पल्सर बाइक भी जब्त की गई।
संगठित गिरोह चलाने की बात कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लिए संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी सक्रिय हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से मो. अब्दुल और मो. जफीर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ पहले से लूट और अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। इस मामले में नामकुम थाना में कांड संख्या 91/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
Also Read : महिला पुलिसकर्मियों की सेहत को मिला सुरक्षा कवच, डीजीपी ने किया मेगा हेल्थ कैंप का उद्घाटन


