Koderma : कोडरमा के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र में लापता महिला का शव कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है। वह 5 अप्रैल को घर से महुआ चुनने निकली थी और इसके बाद से लापता थी। परिजनों के अनुसार, गीता देवी 5 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे महुआ चुनने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उनकी सास मोहिनी देवी ने तिलैया डैम ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कुएं में तैरता मिला शव
मंगलवार की सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने ओपी क्षेत्र के समीप स्थित कुएं में एक महिला का शव तैरता देखा। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव बरामद कर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी प्रेम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। ओपी प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि महुआ चुनने के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई होंगी। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार में पसरा मातम
मृतका के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति कारू साव विजयवाड़ा में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Also Read : आदित्यपुर में भाजपा नेता सपन दास के घर फा’यरिंग, पैदल भाग निकला बदमाश


