Ranchi : रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से एक समीक्षा बैठक की। बैठक में रांची जिले के अंतर्गत ऐसे सभी आपराधिक मामलों की समीक्षा की गई, जो पिछले 5 वर्षों या उससे अधिक समय से लंबित हैं और जिनके अभियुक्तों का न्यायालय में विचार चल रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि लंबे समय से चल रहे मामलों में अभियुक्तों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा सके और मामलों का जल्द निष्पादन हो।
अभियुक्तों को समय पर कोर्ट में पेश करने पर जोर
एसएसपी ने बैठक में निर्देश दिया कि जिन मामलों में आरोपी जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं, उन सभी को तय तारीख पर न्यायालय में उपस्थित कराने की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। ताकि कोर्ट की कार्यवाही में देरी न हो और केस आगे बढ़ सके।
गवाहों की गवाही लंबित, समन तामिला कराने का निर्देश
बैठक में उन गवाहों की भी समीक्षा की गई जिनकी गवाही अभी तक न्यायालय में नहीं हो पाई है। कई मामलों में कोर्ट की ओर से गवाहों के लिए सम्मन जारी किए गए हैं, लेकिन समन तामिला नहीं होने के कारण गवाही में देरी हो रही है। इस पर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे सम्मन का शीघ्र तामिला कराएं और गवाहों की कोर्ट में उपस्थिति सुनिश्चित करें।
समन्वय पोर्टल को प्रभावी बनाने के निर्देश
बैठक में पुलिस विभाग के समन्वय पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल के जरिए केस की स्थिति, वारंट निष्पादन और कोर्ट से जुड़े कार्यों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किया जाए।
I4C पोर्टल के निर्देशों का पालन करने को कहा
एसएसपी ने थाना प्रभारियों और संबंधित पदाधिकारियों को I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल पर जारी दिशा-निर्देशों को भी प्रभावी रूप से लागू करने को कहा। साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पोर्टल पर समय पर रिपोर्टिंग और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार पर कार्रवाई तेज करने का आदेश
बैठक में जिले में लंबित पड़े वारंट, कुर्की और इश्तेहार की समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिया कि इन मामलों में तेजी लाई जाए और लंबित आदेशों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए। इसके अलावा डिस्ट्रेस वारंट (जुर्माना वसूली/संपत्ति जब्ती से जुड़ा वारंट) के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
नियमित समीक्षा और प्राथमिकता पर काम करने का निर्देश
एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और इसकी नियमित समीक्षा भी करें। ताकि पुराने मामलों में अनावश्यक देरी को रोका जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, रांची जिले के सभी डीएसपी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।
Also Read : भाजपा में समर्पित कार्यकर्ता हाशिए पर, आयातित चेहरे हावी : विनोद पांडेय


