Ranchi : राजधानी रांची के बुंडू वन प्रक्षेत्र के सोनाहातू इलाके के सारयाद गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अचानक खुले कुएं में गिर गया। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और पूरा इलाका लोगों से भर गया।
हाथी को निकालने के लिए बनाई गई ढलान
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से कुएं के एक हिस्से को काटकर ढलाननुमा रास्ता बनाया गया, ताकि हाथी खुद बाहर निकल सके।
ग्रामीणों ने भी निभाई अहम भूमिका
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने मोटर पंप की मदद से कुएं में पानी भरा, जिससे जलस्तर ऊपर आया और हाथी को बाहर निकलने में सहूलियत मिली।
घंटों की मशक्कत के बाद निकला हाथी
काफी देर तक चले इस अभियान के बाद आखिरकार हाथी उस बनाए गए रास्ते से बाहर निकलने में सफल रहा। जैसे ही वह बाहर आया, तुरंत जंगल की ओर भाग गया।
वन विभाग ने बताया- हाथी पूरी तरह सुरक्षित
वन विभाग के पदाधिकारी सुप्रियन टूटी ने बताया कि हाथी पूरी तरह सुरक्षित है और रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। हालांकि, मौके पर भारी भीड़ होने के कारण टीम को काम करने में थोड़ी परेशानी भी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान वह खुले कुएं में गिर गया।
Also Read : जामताड़ा रेल साइडिंग में हड़ताल, वेतन नहीं मिलने से कर्मियों का गुस्सा; कोयले की ढुलाई ठप

