Ranchi : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद हुई नृशंस हत्या के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को अदालत ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब तलब किया है। इस घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश का माहौल है।
हाईकोर्ट ने जताई नाराजगी, अधिकारियों से मांगा जवाब
यह मामला अधिवक्ता हेमंत सिकरवार ने जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के सामने उठाया। सुनवाई के दौरान अदालत ने घटना पर गहरी चिंता और नाराजगी जताई। खंडपीठ ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और हजारीबाग के एसपी को पार्टी बनाते हुए उनसे जवाब मांगा है। साथ ही दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अदालत ने इस मामले को जनहित याचिका में बदलते हुए मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ को रेफर कर दिया है। सुनवाई के दौरान हजारीबाग के एसपी वर्चुअल माध्यम से पेश हुए।
क्या है पूरा मामला
25 मार्च को विष्णुगढ़ क्षेत्र में 12 साल की बच्ची का शव संदिग्ध हालत में मिला था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और साक्ष्य छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। घटना सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोग लगातार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
भाजपा ने बुलाया हजारीबाग बंद
इस घटना के विरोध में भाजपा ने 30 मार्च को हजारीबाग बंद का आह्वान किया है। पार्टी सरकार और प्रशासन पर लगातार सवाल उठा रही है। 27 मार्च को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा था और न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
नेताओं का दौरा, पीड़ित परिवार से मुलाकात
29 मार्च को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
राज्यभर में आक्रोश, कैंडल मार्च
घटना के विरोध में हजारीबाग समेत कई जगहों पर कैंडल मार्च निकाले गए। धनबाद में भी लोगों ने बच्ची को श्रद्धांजलि देते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई ही समाज में डर पैदा कर सकती है।
Also Read : दुमका में स्काई डाइविंग फेस्टिवल की धूम, 10 हजार फीट से छलांग का रोमांच ले रहे लोग


