Ramgarh : रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं होने से नाराज सैकड़ों छात्र सोमवार को सड़क पर उतर आए। छात्रों ने सुभाष चौक से DC कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह मार्च शांतिपूर्ण रहा, लेकिन छात्रों के चेहरे पर नाराजगी साफ दिख रही थी।
छह प्रखंडों के युवाओं ने दिखाई एकजुटता
इस आक्रोश यात्रा में रामगढ़ जिले के सभी छह प्रखंडों-रामगढ़, पतरातू, गोला, मांडू, चितरपुर और दुल्मी के युवा शामिल हुए। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवाओं ने एक स्वर में कहा कि लंबे समय से बहाली का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
282 पदों पर बहाली का आदेश, फिर भी प्रक्रिया ठप
दरअसल, झारखंड के गृह रक्षक वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं विभाग की ओर से 8 जुलाई 2025 को रामगढ़ जिले में होमगार्ड के 282 पदों पर बहाली का आदेश जारी किया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने समय बाद भी इस आदेश पर कोई अमल नहीं हुआ और भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई।
कई बार गुहार, फिर भी नहीं मिला जवाब
छात्रों का कहना है कि वे कई बार जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। हर बार उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही वजह है कि अब युवाओं ने सड़क पर उतरकर अपनी बात रखने का फैसला किया।
डीसी ऑफिस पहुंचकर रखी मांग
पैदल मार्च करते हुए छात्र सुभाष चौक से DC कार्यालय पहुंचे और वहां अपनी मांग रखी। छात्रों ने साफ कहा कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके।
चेतावनी, मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
छात्रों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Also Read : रेलवे ट्रैक के किनारे मिला युवक का क्षत-विक्षत श’व, हादसा या कुछ और… पुलिस जांच में जुटी


