Garhwa : श्री बंशीधर नगर अनुमंडल के नरखोरिया गांव में शनिवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली चलाकर सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने एक दुकान में घुसकर दुकानदार उमेश मेहता (50 वर्ष) को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे उमेश मेहता अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर वहां पहुंचा और सिगरेट व गुटखा मांगा। उमेश जैसे ही सामान देने लगे, युवक ने अचानक हथियार निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई।
गोली लगते ही उमेश दुकान में ही गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। घायल उमेश मेहता ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था, ऐसे में अचानक हुई इस वारदात से वे खुद भी हैरान हैं।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावर के हुलिए की जानकारी जुटाई है। अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर जांच की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में डर का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : तीन महीने बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर दौड़ी ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत


