Dhanbad : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के तपोवन कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिवार वेल्लोर गया था इलाज के लिए
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी सुदेश दुबे अपने परिवार के साथ करीब एक सप्ताह पहले इलाज के लिए वेल्लोर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया।
सुबह टूटा दरवाजा देख खुला मामला
गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ और अंदर सामान बिखरा देखा, तब घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत सरायढेला थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सोना-चांदी समेत कई कीमती सामान चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, चोर घर से दस चांदी के सिक्के, चांदी का पायल, चांदी का नोट, एक सोने की अंगूठी, एलईडी टीवी, महंगी साड़ियां और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी जा रही है।
योजना बनाकर वारदात की आशंका
पड़ोसियों ने बताया कि रात में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी राजकुमार ने सुदेश दुबे को फोन कर सूचना दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके। परिवार के लौटने के बाद चोरी गए सामान की पूरी सूची और सही मूल्य का आकलन किया जाएगा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
Also Read : KVIC रांची में 3.89 करोड़ का घोटाला, ईडी ने 6 आरोपियों पर दाखिल की चार्जशीट


