Koderma : कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाब-पांडेयबारा रोड पर गुरुवार सुबह एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार पांच प्रवासी मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5 बजे की है। सभी मजदूर मुंबई से ट्रेन के जरिए कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से अपने घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया था।
मस्जिद के पास चालक ने खोया नियंत्रण
बताया जा रहा है कि ऑटो जैसे ही चंदवारा मस्जिद के पास पहुंचा, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी
ऑटो पलटते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद वहां कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत चंदवारा थाना पुलिस को सूचना दी और घायलों को संभालने में मदद की।
पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया। अस्पताल में सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी घायल हजारीबाग के चौपारण के निवासी
स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल सभी मजदूर हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के रहने वाले हैं। वे मुंबई में काम करते थे और अब अपने गांव लौट रहे थे।
Also Read : रांची में LPG कालाबाजारी का खुलासा, छापामारी में कई सिलेंडर और मशीन जब्त


