Ranchi : राजधानी में बीती देर रात अपराधियों ने चार अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, करीब आधा दर्जन अपराधी बाइक और एक कार से पहुंचे और हथियार के बल पर सभी पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया। अपराधियों ने टाटीसिल्वे, BIT के दो और सिकिदरी पेट्रोल पंप लूटकर रांची पुलिस को खुली चुनौती दी है। जबकि हाल के दिनों में CM हेमंत सोरेन ने राज्य भर के पुलिसकर्मियों को नए वाहन उपलब्ध कराये थे, ताकि बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।


पहली घटना में अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली। वहीं दूसरी वारदात में बदमाशों को ज्यादा रकम हाथ नहीं लगी और वे केवल करीब दो हजार रुपये लेकर ही फरार हो गए। दोनों घटनाएं देर रात कम भीड़-भाड़ के समय को देखकर अंजाम दी गईं।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों में डर का माहौल है। कर्मचारियों ने बताया कि अपराधी अचानक पहुंचे और उन्हें डराकर कैश काउंटर से पैसे लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है और पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।
Also Read : नीदरलैंड से मंगाया गया LSD हेहल उप डाकघर से बरामद, रिमांड में आरोपियों ने उगले राज





