Jamshedpur : जमशेदपुर में रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित भीड़, जुलूस और अखाड़ों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जो 27 मार्च से शुरू होकर 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, 27 मार्च को सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और संचालन पर रोक रहेगी। वहीं 28 मार्च को दोपहर 1 बजे से लेकर 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक सभी मालवाहक वाहनों, बसों, चार पहिया और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
रामनवमी के दिन यानी 28 मार्च को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख और संवेदनशील मार्गों पर तीन पहिया वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। इनमें गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, सागर होटल चौक, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, बसंत टॉकीज, मिनी बस स्टैंड, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़ और स्वर्णरेखा घाट की ओर जाने वाले रास्ते शामिल हैं।
यह ट्रैफिक प्लान ट्रैफिक डीएसपी कार्यालय द्वारा डीसी, एसएसपी और ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों और रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Also Read : विष्णुगढ़ CHC में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, व्यवस्था देख दिए सुधार के निर्देश


