Chatra : जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 45 वर्षीय गीता देवी की टांगी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका शव सोमवार देर रात आरोदाना के पानुसाही जंगल में एक पेड़ के नीचे मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
महुआ चुनने गई थी, वापस नहीं लौटी
जानकारी के मुताबिक गीता देवी दोपहर करीब 3 बजे घर से महुआ चुनने के लिए पास के जंगल गई थीं। आम दिनों की तरह परिवार को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएंगी। लेकिन जब शाम 5 बजे तक वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के जंगल में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन, पेड़ के नीचे मिला शव
मामले की सूचना सदर थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरी रात चले इस अभियान के दौरान रात करीब 1 बजे महुआ के पेड़ के नीचे गीता देवी का शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद भयावह थी।
टांगी से गला काटकर की गई हत्या
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने टांगी से गले पर कई वार किए, जिससे गला लगभग धड़ से अलग हो गया था। घटनास्थल के पास ही खून से सनी टांगी भी मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी हथियार वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, कई पहलुओं पर पड़ताल
सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से कई अहम सुराग भी जुटाए गए हैं। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
सुरक्षा पर उठे सवाल, ग्रामीणों में डर
महुआ सीजन में गांव की महिलाएं रोज जंगल जाती हैं, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब जंगल जाने में डर लगने लगा है।
Also Read : चक्रधरपुर रेलखंड पर मालगाड़ी डिरेल, कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

