Ranchi : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान अखाड़ा एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसएसपी ने आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थलों की भी व्यवस्था की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।
Also Read : रामनवमी जुलूस के लिए रांची तैयार, 26-28 मार्च तक बदलेगा पूरा ट्रैफिक रूट

