Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक भी बरामद की गई हैं, जिनमें चार हीरो होंडा स्पलेंडर और एक पल्सर शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के लुपुंग टोला, इजिमेल चौक, सरजामदा निवासी राजा सरदार उर्फ प्रकाश सरदार, सोनू नायक उर्फ कटारी और अतुल मुंडू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में गोलमुरी के एबीएम कॉलेज के पास बाइक चोरी की घटना हुई थी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चोरी की बाइकों का नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बरामद सभी बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
Also Read : चाईबासा पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया सरहुल, एसपी अमित रेणु परिवार संग हुए शामिल
Also Read : खड़ी ट्रेलर बनी आफत, ढलान पर लुढ़ककर पांच दुकानों को रौंदा


