Khunti : खूंटी-चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरहू चौक के पास एक बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रेलर लुढ़का और सड़क किनारे बनी पांच दुकानों में जा घुसा, जिससे दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दुकानदारों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इस हादसे में राजेश चौधरी, राजू सोमनानी, निखिल चौधरी, महेश चौधरी और उप प्रमुख अरुण साहू की दुकानों को क्षति पहुंची है। इनमें निखिल चौधरी की दुकान को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रेलर लोहे का स्क्रैप लेकर चाईबासा की ओर जा रहा था। चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और पास की दुकान में सामान लेने चला गया। तभी ट्रेलर ढलान पर खुद-ब-खुद लुढ़क गया और सीधे दुकानों से जा टकराया, जिससे कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पहुंचकर हालात को संभाला।
सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के प्रतिनिधि और पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान खूंटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश जसवाल, संजय, सूरजमाल साहू और लक्ष्मी साहू समेत कई लोग मौजूद रहे।
Also Read : सरहुल और ईद पर सड़कों पर उतरे ट्रैफिक एसपी, खुद संभाली व्यवस्था


