Ranchi : सरहुल एवं ईद जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को लेकर रांची पुलिस ने शहरवासियों के लिए जनहित में विशेष अपील जारी की है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन नागरिकों का कोई अत्यावश्यक कार्य नहीं है, वे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का उपयोग करने से परहेज करें। अनावश्यक वाहन चलाने से सड़कों पर भीड़ बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी, जिससे पर्व में शामिल होने आ रहे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा, जिन लोगों की ट्रेन या हवाई यात्रा निर्धारित है, उन्हें समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि अंतिम समय में निकलने से ट्रैफिक जाम में फंसने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे यात्रा प्रभावित हो सकती है।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सरहुल और ईद पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक भीड़ और वाहनों के प्रयोग से बचने को कहा गया है, ताकि शहर में व्यवस्था बनी रहे।
रांची पुलिस ने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर की पहचान है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोग तुरंत 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Also Read : ईद और सरहुल को लेकर रांची में सुरक्षा सख्त, ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी


