Palamu : ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख पर्वों को लेकर पलामू पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर के छःमुहान चौक पर दंगा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की तैयारी, तालमेल और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना रहा। ड्रिल के दौरान पुलिस ने संभावित दंगा और भीड़ के उग्र होने की स्थिति को सामने रखकर अभ्यास किया। मौके पर दिखाया गया कि कैसे पहले लोगों को समझाया जाता है, फिर चेतावनी दी जाती है और स्थिति बिगड़ने पर चरणबद्ध तरीके से बल प्रयोग किया जाता है। अभ्यास में पुलिस ने कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों का भी प्रदर्शन किया। इसमें अवैध जमाव को हटाने और उपद्रवियों को नियंत्रित करने की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई।
आधुनिक उपकरणों का किया गया इस्तेमाल
मॉक ड्रिल में वाटर कैनन, दंगा नियंत्रण वाहन, एंटी-रायट गियर, टीजी गन, स्मोक शेल और चिली ग्रेनेड जैसे आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया। इनके जरिए भीड़ को नियंत्रित करने और हालात को सामान्य करने का अभ्यास किया गया।
घायलों के लिए मेडिकल तैयारी भी परखी
ड्रिल के दौरान एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को भी अलर्ट रखा गया। घायल होने की स्थिति में तुरंत इलाज पहुंचाने की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, राजेश यादव, पुलिस निरीक्षक सुरेश राम, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस की अपील
पलामू पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Also Read : जामताड़ा-मिहिजाम में बनी नई नगर सरकार, शपथ के साथ विकास का वादा


