Dhanbad : धनबाद में इस बार उत्पाद विभाग ने ऐसा खेल पकड़ा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट से भरा एक टैंकर पकड़ लिया गया। यह स्प्रिट नकली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला था।
हाईवे पर फिल्मी अंदाज में पकड़ाया टैंकर
मामला तोपचांची थाना क्षेत्र का है। कोटाल अड्डा के पास नेशनल हाईवे पर जीओ पेट्रोल पंप के पास टीम पहले से ही घात लगाकर बैठी थी। जैसे ही संदिग्ध टैंकर (NL-01-L-1775) वहां पहुंचा, उसे तुरंत रोक लिया गया। जांच शुरू हुई तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी चौंक गए… पूरा टैंकर कच्चे स्प्रिट से भरा था।
पूछताछ में खुला बड़ा राज
जब ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कई अहम बातें उगल दीं। उसने बताया कि यह स्प्रिट गिरिडीह और हजारीबाग के नकली शराब कारोबारियों तक पहुंचाया जाना था।
यानी साफ है कि यह सिर्फ एक टैंकर नहीं, बल्कि एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।
तुरंत कार्रवाई, ड्राइवर को भेजा गया जेल
मौके पर ही उत्पाद विभाग ने टैंकर को जब्त कर लिया और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस मामले में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
अब बड़े नेटवर्क की तलाश
इस कार्रवाई के बाद विभाग अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध धंधे के पीछे कौन लोग हैं और कहां-कहां इसकी सप्लाई हो रही थी। संभावना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
क्यों खतरनाक है कच्चा स्प्रिट
कच्चे स्प्रिट से बनी नकली शराब लोगों की जान के लिए बेहद खतरनाक होती है। कई बार ऐसे मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है। इसलिए इस तरह की कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है।
Also Read : रांची पुलिस में बड़ा फेरबदल : कांके-कोतवाली समेत कई थानों को मिले नये थानेदार


