Giridih : नगर निगम के मेयर पद के बाद अब डिप्टी मेयर पद पर भी जेएमएम ने अपना दबदबा बनाए रखा। केंद्रीय समिति सदस्य सुमित कुमार को डिप्टी मेयर के लिए निर्विरोध चुना गया है। इससे पहले समाहरणालय में मेयर और वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
मेयर और वार्ड पार्षदों ने ली शपथ
समाहरणालय में निर्वाचित मेयर प्रमिला मेहरा को उत्तरी छोटानागपुर के डीसी मनोज कुमार ने शपथ दिलाई। इस दौरान मेयर प्रमिला मेहरा के अलावा सभी 36 वार्ड पार्षदों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में डीसी राम निवास यादव और उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी उपस्थित रहीं। इसके बाद उप नगर आयुक्त ने सुमित कुमार के निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने जाने की घोषणा की।
डीसी रामनिवास यादव ने सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि “वार्ड पार्षद बगैर द्वेष के सबका काम करेंगे। पूरी ईमानदारी के साथ शहर के विकास का प्रयास किया जाएगा। कोशिश यही होगी कि गिरिडीह सिर्फ स्वच्छ और सुंदर ही न रहे, बल्कि विकास के कई काम भी हों और शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।”
सुमित कुमार को मिला पार्षदों का समर्थन
निर्वाचित डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि सभी वार्ड पार्षदों का समर्थन उन्हें मिला है। “जो पुराने पार्षद फिर से जीत कर आए थे उनका विशेष सहयोग रहा। हमने सामंजस्य बनाने का प्रयास किया और इसमें सफल रहे। आगे की रणनीति मिल बैठकर तय की जाएगी। सरकार के स्तर से जो सहयोग लेना पड़ेगा वह लेंगे। इस बार निश्चित तौर पर शहर की तस्वीर बदलेंगे।”
झामुमो की रणनीति और शहर विकास
शपथ ग्रहण और डिप्टी मेयर के निर्विरोध चयन के बाद नगर निगम में झामुमो की पूरी टीम एक साथ काम करने के लिए तैयार है। शहर में स्वच्छता, सुंदरता और विकास के कई योजनाओं को तेजी से लागू करने का दावा किया गया है। प्रमिला मेहरा और सुमित कुमार दोनों ने साझा रूप से कहा कि जनता की भलाई, शहर के विकास और पारदर्शी प्रशासन पर फोकस रहेगा।
Also Read : पलामू में अफीम तस्करी की कोशिश नाकाम, ट्रेन पकड़ने से पहले तस्कर गिरफ्तार


