Ramgarh : जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए रामगढ़ पुलिस को नए वाहनों की बड़ी खेप मिली है। रांची में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पुलिस विभाग को 13 नई बोलेरो गाड़ियां और 19 आधुनिक बाइक सौंपी गईं। इन वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस की पेट्रोलिंग और रिस्पांस सिस्टम को और तेज करने की योजना है।
एसपी ने खुद संभाली स्टीयरिंग
नए वाहन जैसे ही रामगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचे, शनिवार को एसपी अजय कुमार एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने खुद नई बोलेरो की ड्राइविंग सीट संभाली और शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया। एसपी के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च और निरीक्षण अभियान में जिले के कई अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी अपनी-अपनी नई गाड़ियों के साथ शामिल हुए।
शहर के संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण
इस दौरान पुलिस की टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और अपराधियों को यह संदेश देना था कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
रिस्पांस टाइम होगा और तेज
निरीक्षण के दौरान एसपी अजय कुमार ने कहा कि नए वाहनों के आने से पुलिस की रिस्पांस टाइम में काफी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की जानकारी तुरंत Dial 112 पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई पेट्रोलिंग गाड़ियां आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। इससे आम लोगों को सुरक्षा का बेहतर अनुभव मिलेगा और अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।
Also Read : असम चुनाव में झारखंड कांग्रेस की एंट्री, 9 नेताओं को प्रचार की बड़ी जिम्मेदारी


