Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में फूड सेफ्टी विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। स्टेशन रोड इलाके में छापेमारी के दौरान करीब 1400 किलो नकली पनीर और 5-7 टिन नकली नेपाली घी जब्त किया गया। इस दौरान मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
पटना से बस के जरिए सप्लाई
फूड सेफ्टी अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के पटना से बस के जरिए नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तड़के स्टेशन रोड में घेराबंदी की और बस से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद किया।
जांच में पनीर और घी पाई गई नकली
जब्त किए गए पनीर और घी की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पूरे सामान को जब्त कर लिया गया। सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल और ढाबों में खपाने की तैयारी
फूड सेफ्टी अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि नकली पनीर और घी को शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और दुकानों में बेचने की योजना थी। अगर यह सामग्री बाजार में पहुंच जाती तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था। विभाग त्योहारों और शादी के सीजन को देखते हुए विशेष निगरानी रख रहा है ताकि सुरक्षित खाद्य सामग्री लोगों तक पहुंच सके।
उपायुक्त के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। उन्होंने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Also Read : 40 लाख मुआवजा और नौकरी, हरियाणा हादसे में परिवारों को मिली राहत,आज जमशेदपुर पहुंचेंगे शव

