Ranchi : झारखंड के अपराध जगत के चर्चित गैंगस्टर अमन साहू की मौत को एक साल पूरा हो गया है। उसकी बरसी के मौके पर कुख्यात राहुल सिंह ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उसे याद किया है। इस पोस्ट में राहुल सिंह ने अमन साहू को अपना बड़ा भाई बताते हुए उसके साथ बिताए समय और पारिवारिक रिश्तों का जिक्र किया है। राहुल सिंह की यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
समय रुक सा गया है
फेसबुक पोस्ट में राहुल सिंह ने लिखा है कि आज उसके बड़े भाई अमन साहू को इस दुनिया से गए एक साल हो गया, लेकिन उसके लिए समय जैसे वहीं रुक गया है। उसने कहा कि भैया की याद आज भी हर दिन आती है। कई बार ऐसा लगता है कि वह सामने आकर कहेंगे कि सब ठीक हो जाएगा। राहुल ने लिखा कि भाई के जाने के बाद भी उनकी यादें हमेशा साथ रहती हैं और हर पल उनकी कमी महसूस होती है।
परिवार के लिए ढाल की तरह थे अमन
राहुल सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि जब तक अमन साहू साथ थे, परिवार को कभी किसी बात की चिंता नहीं करनी पड़ी। वह हमेशा परिवार के लिए ढाल बनकर खड़े रहते थे और हर मुश्किल में सबका साथ देते थे। उन्होंने लिखा कि अमन साहू हमेशा परिवार की फिक्र करते थे और सभी को मजबूत बनाकर रखा। यही वजह है कि आज परिवार के लोग उनकी सीख और हिम्मत के सहारे जिंदगी की जिम्मेदारियां निभा पा रहे हैं।

हर खुशी में महसूस होती है कमी
राहुल सिंह ने कहा कि भाई के बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रही। किसी भी खुशी के मौके पर उन्हें अपने भाई की कमी महसूस होती है। उन्होंने लिखा कि भाई को खोने का दर्द शायद वह कभी भूल नहीं पाएंगे और हर खुशी के बीच एक खालीपन हमेशा बना रहता है।
आत्मा की शांति के लिए मांगी दुआ
अपने संदेश के अंत में राहुल सिंह ने अमन साहू की आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी। उन्होंने लिखा कि भले ही अमन साहू अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके दिल में वह हमेशा जिंदा रहेंगे।
Also Read : ‘कॉल उठा लो, नहीं तो घर तक पहुंचेंगे’… ट्रांसपोर्टरों को कुख्यात राहुल दुबे की खुली धमकी


