Bokaro : धनबाद में लंबे समय से दहशत का नाम बन चुका गैंगस्टर प्रिंस खान अब बोकारो के कारोबारियों को भी निशाने पर लेने की कोशिश में जुट गया है। विदेश में बैठकर अपना गिरोह चलाने वाले कुख्यात प्रिंस खान ने बोकारो के एक बड़े व्यवसायी को रंगदारी मांगी है और पैसे नहीं देने पर साइट पर बम से हमला कराने की धमकी दी है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
व्यवसायी से मांगी रंगदारी
जानकारी के मुताबिक, बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में बीएमडब्ल्यू कंपनी से जुड़ा काम करने वाले व्यवसायी सुरेश सिंह को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम से धमकी दी गई है। उनसे मोटी रकम की रंगदारी मांगी गई। धमकी भरा पर्चा फेंका गया है। धमकी देने वाले ने साफ कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। धमकी के बाद से व्यवसायी और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।
साइट पर बम से हमला कराने की धमकी
प्रिंस खान के नाम से मिले धमकी भरे पर्चे में कहा गया है कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो फैक्ट्री या साइट पर बम से हमला करा दिया जाएगा। इस तरह की धमकी मिलने के बाद व्यवसायी ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है।
विदेश से ऑपरेट कर रहा गैंग
बताया जाता है कि गैंगस्टर प्रिंस खान फिलहाल विदेश में बैठकर अपने गिरोह को संचालित कर रहा है। उसके गुर्गे झारखंड के कई जिलों में सक्रिय हैं और फोन कॉल या सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों से रंगदारी मांगते हैं। धनबाद में पहले भी कई व्यवसायियों को इसी तरह धमकी मिल चुकी है। अब बोकारो में इस तरह की घटना सामने आने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
Also Read : पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां का दावा : ममता बनर्जी का टूटेगा घमंड, भाजपा की बनेगी सरकार


