Gumla : गुमला जिले के भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगांव पंचायत के पतराटोली गांव में कल देर रात हाथी के उत्पात ने हाहाकार मचा दिया। अचानक घर के पास पहुंचा हाथी दीवार को जोर से ठोंकता है, जिससे कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई।
मलबे में दब गई मासूम
घटना के समय चंदन उरांव की पत्नी सुषमा उरांव अपने दो बच्चों के साथ सो रही थीं। हड़बड़ी में उन्होंने 5 वर्षीय बेटे को लेकर बाहर भाग निकली, लेकिन चार माह की दुधमुंही बेटी अमिता मलबे में दब गई। मलबे में दबने से बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना में मां सुषमा को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार कराया।
गांव में शोक और दहशत का माहौल
हाथी के अचानक घर में प्रवेश से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग पूरी रात जागते रहे और किसी अनहोनी की आशंका से सतर्क रहे। सुषमा उरांव अपनी बेटी को खोने के सदमे में बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि गांव की महिलाएं और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाते रहे।
पुलिस और वन विभाग ने की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही करंज थाना पुलिस और बसिया वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को क्षेत्र से खदेड़ने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं प्रशासन से भी पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की जा रही है।
ग्रामीणों की सुरक्षा की चिंता
हाथी के क्षेत्र में लगातार आने से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। लोग अपने घरों और खेतों की सुरक्षा के लिए पहरे पर रहते हैं और वन विभाग से क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा उपाय करने की भी मांग कर रहे हैं। यह हादसा हाथियों और ग्रामीणों के बीच लगातार बढ़ते संघर्ष की गंभीर चेतावनी भी साबित हो रहा है।


