Ranchi : रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना को झारखंड पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इस मामले को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्र ने आला अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। बैठक में डीजीपी ने घटना की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फायरिंग की इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के निर्देश
बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटना की जांच तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाई जाए। इसके लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आम नागरिकों को पुलिस का भरोसा
झारखंड पुलिस ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि राज्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कई आला अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक, रांची के एसएसपी राकेश रंजन, एटीएस के एसपी ऋषभ कुमार झा, सिटी एसपी पारस राणा तथा एयरपोर्ट थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read : IAS-IPS की कथित ऑडियो पर विधानसभा में घमासान, सरकार बोली- रिकॉर्डिंग मिलेगी तो होगी जांच


