Ranchi : मार्च के पहले सप्ताह में अप्रैल-मई जैसी गर्माहट महसूस होने के बाद अब मौसम का मिज़ाज बदलने लगा है। रविवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे दिन में भी शाम जैसा माहौल बना रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ थोड़ी देर के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन आसमान में आंशिक बादल बने रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा और अगले तीन दिनों तक गरज के साथ आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
तीन दिन के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने धनबाद समेत झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों में अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का भी अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
गंगा के तटीय हिस्से से ओडिशा तक बना चक्रवाती घेरा
मौसम केंद्र रांची के अनुसार पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय हिस्से से लेकर ओडिशा तक ऊपरी हवा में चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके अलावा बिहार से होते हुए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के कारण लगातार बादलों की आवाजाही हो रही है, जिससे बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है।
हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने जा रहा है। एक साथ कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है और बीच-बीच में आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है।
पिछले साल भी मार्च से शुरू हुई थी बारिश
पिछले साल भी मार्च महीने से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। मार्च से लेकर मई तक रुक-रुक कर प्री-मानसून बारिश होती रही थी। इसी वजह से मई महीने में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रहा था और सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। जून में मानसून के आगमन के बाद भी अच्छी बारिश हुई थी। अगर इस बार भी इसी तरह बारिश की गतिविधियां जारी रहती हैं, तो लोगों को प्रचंड गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
Also Read : बहन-जीजा को खोने के दर्द के बीच खेले ईशान किशन, तूफानी पारी से भारत को दिलाई टी20 वर्ल्ड कप जीत

