Ranchi : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री आवास के निर्माण को लेकर झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो सरकार खुद को गरीब, आदिवासी और मूलवासी की हितैषी बताती है, वही मुख्यमंत्री के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का “शीश महल” बनाने में लगी हुई है। शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह पर चल रहे हैं। उनका आरोप है कि जैसे दिल्ली में जनता के पैसे से शीश महल बनाया गया, उसी तरह झारखंड में भी मुख्यमंत्री के लिए आलीशान आवास तैयार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास में स्विमिंग पूल, जकूजी, लग्जरी कमरे, करीब दो करोड़ रुपये का फव्वारा और ढाई करोड़ रुपये का गार्डन जैसी सुविधाएं शामिल करने की योजना है। शाहदेव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस राज्य में बड़ी संख्या में आदिवासी और मूलवासी परिवार आज भी रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहां मुख्यमंत्री के लिए इतना महंगा आवास बनाया जाना सवाल खड़ा करता है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस परियोजना को हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई, लेकिन कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि आधिकारिक तौर पर मुख्य भवन के निर्माण पर लगभग 47 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही जा रही है, लेकिन अन्य मदों को जोड़ने पर यह लागत करीब 70 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भवन निर्माण विभाग की परियोजनाओं में आम तौर पर 25 से 30 प्रतिशत तक लागत बढ़ जाती है, ऐसे में कुल खर्च 100 करोड़ रुपये से अधिक भी हो सकता है।
प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया कि जब सरकार पहले ही भविष्य में स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाने की घोषणा कर चुकी है, तो फिर अभी इतनी बड़ी राशि खर्च करने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और पूछेगी कि झारखंड की गरीब जनता के टैक्स का पैसा मुख्यमंत्री के शाही खर्चों पर लगाया जाना चाहिए या राज्य के विकास और गरीबों के कल्याण पर। इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे।
Also Read : नक्सल ऑपरेशन होगा और तेज, CRPF डीजी ने चाईबासा में की हाई लेवल मीटिंग


