Dhanbad : झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद आज शुक्रवार, 27 फरवरी की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। राज्य भर के मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती की जा रही है। प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाएगी। इसके लिए विशेष प्रशासनिक टास्क फोर्स को भी सक्रिय किया गया है।
धनबाद में काउंटिंग से पहले हंगामा
धनबाद के राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह-सुबह माहौल उस वक्त गरमा गया जब विभिन्न प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ताओं (RO) को अंदर जाने से रोक दिया गया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने पर अभिकर्ता भड़क गए और गेट पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा कर रहे RO बबलू बनर्जी ने आरोप लगाया कि पहले जानकारी दी गई थी कि मतगणना के लिए बनाए गए 11 कमरों में प्रत्येक प्रत्याशी का एक-एक अभिकर्ता मौजूद रहेगा। लेकिन गिनती शुरू होने से ठीक पहले अचानक नियमों का हवाला देते हुए केवल एक ही अभिकर्ता को अंदर जाने की अनुमति देने की बात कही गई।
-1772163212012.jpg)
इस फैसले को लेकर अभिकर्ताओं ने प्रशासन पर पक्षपात और पारदर्शिता में कमी के आरोप लगाए। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और समझाइश देकर मामला शांत कराया।
मेयर प्रत्याशियों के कैंप में हलचल
धनबाद में मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के कैंप में सुबह से ही चाय-बिस्किट का दौर चलता रहा। अन्य प्रत्याशियों के तंबुओं में भी समर्थकों की भीड़ और हलचल देखने को मिली। हर किसी की नजर अब नतीजों पर टिकी है।
-1772161562233.jpg)
मतगणना स्थल के पास वाहनों की एंट्री बंद
प्रशासन ने मतगणना केंद्र के आसपास वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी है। बैरिकेडिंग की गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
Also Read : झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 : 48 निकायों के नतीजों का आज फैसला, सुबह 8 बजे से मतगणना जारी

