Gumla : गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र के रेडवा चुमाटोली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 60 साल के बैला बुधवा केरकेटा की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांव में एक व्यक्ति का गमी कार्यक्रम चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक कार्यक्रम में करीब हजार लोग जुटे थे। खाना-पीना चल रहा था और माहौल सामान्य था। इसी दौरान बैला बुधवा केरकेटा और गांव के ही हास्या उर्फ शनिचरवा केरकेटा साथ में शराब पी रहे थे। ग्राम प्रधान टेटे केरकेटा ने बताया कि ‘भगत बड़ा होने’ की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। पहले तो लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता चला गया।
हाथ-पैर बांधकर की गई बेरहमी से पिटाई
परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद आरोपी ने बैला बुधवा के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उन्हें घर के पास ले गया। वहां लकड़ी से बेरहमी से मारपीट की। बच्चों ने जब यह दृश्य देखा तो डरकर वहां से भाग गए और अपनी जान बचाई। मारपीट इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही बैला बुधवा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुलिस पहुंची, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही कामडरा थाना के एसआई मुनेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मेहनतकश परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
बैला बुधवा केरकेटा खेती-बाड़ी और मजदूरी करके परिवार चलाते थे। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। दो भाइयों में वे सबसे बड़े थे। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा है। गांव में भी सन्नाटा है।
Also Read : झारखंड बजट 2026-27 : सड़क, स्कूल और अस्पताल पर जोर


